पेप्सी प्लांट के HR हेड से 5 करोड़ की रंगदारी, ‘लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप’ के नाम से धमकी; दो माह बाद भी पुलिस खाली हाथ।

बक्सर। नावानगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पेप्सी के बॉटलिंग प्लांट (वरुण बेवरेजेज लिमिटेड) के स्थानीय एचआर हेड से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो माह बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।

मामले की गंभीरता इस बात से बढ़ जाती है कि धमकी भरा मैसेज कुख्यात गैंग के नाम का इस्तेमाल करते हुए भेजा गया था।पीड़ित एचआर हेड मुकेश कुमार ने बीते 2 दिसंबर को वासुदेवा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को उनके निजी मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और तीन दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

मैसेज भेजने वाले ने खुद को उक्त गैंग से जुड़ा बताते हुए परिचय दिया। मैसेज में कुछ अन्य नामों का भी उल्लेख था।

मुकेश के अनुसार, मैसेज से पहले कॉल भी आया था।बताया गया कि इसी तरह का धमकी भरा मैसेज वरुण बेवरेजेज के गुरुग्राम स्थित हेड ऑफिस में वाइस प्रेसिडेंट (एचआर) के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया था, जिससे कंपनी प्रबंधन में दहशत का माहौल है।

शिकायत के बाद मुकेश कुमार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

मामले की जांच में एसटीएफ भी लगी, फिर भी मैसेज भेजने वाला पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *