बेलाउर के मनोकामना धाम में भव्य आयोजन की तैयारी, स्थानीय प्रतिनिधियों ने पटना में मुलाकात कर दिया आमंत्रण

आरा/बक्सर । भोजपुर जिले के बेलाउर स्थित प्रसिद्ध मनोकामना धाम (बाबा भास्कर धाम) में आयोजित होने वाले भव्य छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस विशेष अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया गया है।
बेलाउर निवासी भाजपा नेता विनय बेलाउर ने पटना में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें छठ पूजा के पावन अवसर पर बेलाउर आने का न्योता दिया। इस दौरान उन्होंने बाबा भास्कर धाम की धार्मिक महत्ता और छठ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली आस्था की विशाल भीड़ के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बताया गया कि बेलाउर स्थित यह धाम क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है, जहां हर वर्ष छठ के दौरान लाखों श्रद्धालु भगवान भास्कर की उपासना करने पहुंचते हैं। इस आयोजन की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, ताकि वे इस आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर सकें।
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को सूर्य भगवान की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित भी किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने आशा जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बेलाउर आकर इस पावन अवसर की गरिमा बढ़ाएंगे।

ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी कई बड़े नेता और गणमान्य व्यक्ति इस धाम का दौरा कर चुके हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस बार का छठ महापर्व और भी भव्य और ऐतिहासिक होने जा रहा है, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।
मुलाकात के दौरान यादव, सांसद मनोज तिवारी सहित कई प्रमुख नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

