“संकल्प 2026” में प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन, ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव बना यादगार।

बक्सर। सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में “संकल्प 2026” वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

अपने संबोधन में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें आत्मविश्वास का संचार करते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. ए. के. सिंह ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रामायण एवं महाभारत आधारित प्रस्तुतियों की विशेष प्रशंसा की। वहीं जूनियर वर्ग के बच्चों की कव्वाली ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अंग्रेजी नाटक “भगत सिंह” और “द एकर ऑफ डायमंड” प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विद्यालय के प्रबंधक धीरज पांडेय ने “संकल्प 2026” के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से मोबाइल से दूरी बनाकर शिक्षा एवं संस्कार पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र से विद्यालय में एआई एवं रोबोटिक्स कक्षाओं की शुरुआत की जाएगी, जिससे बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को “विवेक शिक्षा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं अंतिम सत्र में औद्योगिक थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने विद्यालय के ऊर्जावान एवं समर्पित शिक्षकों को “एक्सीलेंस टीचिंग अवार्ड” प्रदान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल सर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप प्रबंधक धर्मेंद्र पांडेय ने प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा नेत्री वर्षा पांडेय, रामनाथ सिंह, सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में अभिभावकों व अन्य लोगों की उपस्थिति रही।

अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *