बक्सर : जिले की होनहार बेटी अनुपा कुमारी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में तीसरा और बक्सर जिले में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है।

राजपुर प्रखंड के खरहना गांव निवासी किसान नित्यानंद यादव और गृहणी निर्मला देवी की पुत्री अनुपा ने 489 अंक (97.6%) प्राप्त कर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है।
चार भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर आने वाली अनुपा उच्च माध्यमिक विद्यालय, खरहना की छात्रा हैं। बचपन से ही मेधावी रही अनुपा ने सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादा भरत सिंह और गुरुजनों के मार्गदर्शन को देती हैं।
अनुपा ने बताया कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर ही यह सफलता संभव हो सकी।
परिवार की बात करें तो उनकी बड़ी बहन स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं, जबकि एक भाई आठवीं कक्षा और दूसरा प्रथम कक्षा में पढ़ता है। अनुपा की इस उपलब्धि से सभी भाई-बहनों में भी खासा उत्साह है।
अनुपा की सफलता पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों में गर्व की भावना साफ झलक रही है। स्थानीय निवासी एवं पत्रकार शंकर पांडेय ने कहा कि साधारण परिवार से आने वाली इस बेटी ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने अनुपा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

