बक्सर । नगर के वार्ड संख्या 33 में वार्ड पार्षद संतोष उपाध्याय के नेतृत्व में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम में वार्डवासियों की भारी भागीदारी रही, जिससे पूरा माहौल रंगों और उल्लास से सराबोर हो उठा।

समारोह के दौरान भोजपुरी के प्रसिद्ध स्थानीय कलाकारों ने अपने मधुर सांस्कृतिक गीतों और प्रस्तुति से ऐसा समा बांधा कि श्रोता देर रात तक झूमते रहे। होली के पारंपरिक फगुआ, लोकगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

वार्ड पार्षद संतोष उपाध्याय ने उपस्थित लोगों को गुलाल लगाकर आपसी प्रेम, समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि होली का पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने हर वर्ग और समुदाय के लोगों को साथ लाकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। देर रात तक नृत्य-संगीत का सिलसिला चलता रहा और लोगों ने हर्षोल्लास के साथ रंगोत्सव का आनंद लिया।
समारोह ने वार्ड संख्या 33 में सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

