बक्सर। होली के पावन पर्व के आगमन के साथ सामाजिक सरोकार की एक सुंदर मिसाल पेश करते हुए महर्षि विश्वामित्र ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने सेवा अभियान की शुरुआत की। मंगलवार, 3 मार्च 2026 को ट्रस्ट की टीम ने शहर की विभिन्न निर्धन बस्तियों का दौरा कर वहां के बच्चों के बीच खुशियाँ बाँटीं।

इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों को सुरक्षित और त्वचा के अनुकूल रंग, आकर्षक पिचकारियाँ वितरित की गईं, ताकि वे सुरक्षित तरीके से होली का आनंद ले सकें। इसके साथ ही बच्चों को मिठाई और पारंपरिक गुझिया खिलाकर त्योहार की अग्रिम शुभकामनाएँ दी गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने ट्रस्ट के सदस्यों के साथ होली गीतों पर झूमते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने बच्चों को होलिका दहन की परंपरा और बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल पर्व मनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के जीवन में भी उत्सव की खुशियाँ पहुंचाना है। आगे भी इसी तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सक्रिय कार्यकर्ता आदित्य सिंह, अभिषेक गुप्ता, बंटी पटेल, अमित यादव, देव पांडेय एवं सचिन पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रेरक संदेश दिया।

